Fake Pizza Order के बहाने बुलाया, फिर मार दी गोली! अमेरिका में तेलंगाना के युवक की हत्या

अमेरिका के फिलाडेल्फिया में रहने वाले तेलंगाना के 28 वर्षीय युवक अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंशुल एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करते थे और अतिरिक्त आय के लिए सप्ताहांत में पार्ट-टाइम पिज्जा डिलीवरी का काम भी करते थे। परिवार का आरोप है कि उन्हें एक फर्जी पिज्जा ऑर्डर के जरिए सुनसान इलाके में बुलाया गया, जहां उनकी हत्या कर दी गई।
सुनसान जगह पर पहुंचते ही बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, अंशुल को शनिवार रात एक पिज्जा डिलीवरी का ऑर्डर मिला था। जब वह बताए गए पते पर पहुंचे तो वहां कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। हमलावर अंशुल के सिर पर कई गोलियां मारकर मौके से फरार हो गए।
परिवार ने कहा- यह सिर्फ हत्या की साजिश थी
अंशुल की बहन तन्वी कुंचा ने दावा किया कि यह पूरा मामला एक सोची-समझी साजिश थी। उन्होंने कहा कि डिलीवरी ऑर्डर सिर्फ अंशुल को सुनसान जगह बुलाने के लिए किया गया था।
तन्वी ने कहा, “वहां कोई ग्राहक नहीं था। यह एक जाल था, जिसका मकसद सिर्फ मेरे भाई की हत्या करना था। हमें नहीं पता कि हत्यारों का उद्देश्य क्या था, लेकिन उन्होंने हमारे भाई को हमसे छीन लिया।”
लूटपाट नहीं हुई, इसलिए बढ़ा रहस्य
परिवार के अनुसार हमलावरों ने अंशुल का कोई सामान नहीं छीना। उनके पास मौजूद पैसे, फोन और अन्य सामान सुरक्षित मिले हैं। ऐसे में पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह तलाशने में जुटी हुई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार घटना के समय इलाके में दो नकाबपोश संदिग्ध बैग लेकर घूमते हुए देखे गए थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से जांच कर रही है।
चार साल पहले गए थे अमेरिका
अंशुल पिछले करीब चार वर्षों से अमेरिका में रह रहे थे। परिवार के मुताबिक वह मेहनती और खुशमिजाज स्वभाव के थे। इससे पहले भी वह अमेरिका में लूटपाट का शिकार हो चुके थे, लेकिन उस दौरान उन्हें कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा था।
भारत लाने की मांग कर रहा परिवार
परिवार ने भारत सरकार और अमेरिकी प्रशासन से अंशुल का शव जल्द से जल्द भारत भेजने की मांग की है ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। साथ ही दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की भी मांग की गई है।
भारतीय दूतावास ने जताया दुख
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह अंशुल के परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
तेलंगाना में शोक की लहर
अंशुल की मौत की खबर सामने आने के बाद तेलंगाना के गंडलापोचमपल्ली इलाके में शोक की लहर है। परिवार, रिश्तेदार और स्थानीय लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।





