सेक्टर-17 में इमिग्रेशन फर्म पर धोखाधड़ी का केस, 12 लोगों से 14 लाख रुपये ठगने का आरोप

चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में स्थित एक इमिग्रेशन फर्म के मालिकों और कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि फर्म ने वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर 12 लोगों से 14 लाख रुपये से ज्यादा की रकम वसूल ली। इस मामले में पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) और इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ताओं में जम्मू-कश्मीर के रहने वाले सनी खजूरिया भी शामिल हैं। सनी ने बताया कि फरवरी 2025 में उन्होंने फेसबुक पर M/S द सेटअप वर्ल्ड ट्रैवल नाम की फर्म का एक विज्ञापन देखा, जिसमें लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का दावा किया गया था। 14 फरवरी को वह फर्म के सेक्टर-17 स्थित ऑफिस पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात अरुण ठाकुर से हुई। अरुण ने उन्हें अजरबैजान का वर्क वीजा दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके बदले 1.5 लाख रुपये की मांग की।
सनी खजूरिया ने अपने पासपोर्ट और पहचान से जुड़े दस्तावेज फर्म को सौंप दिए। इसके बाद उन्होंने मैनेजर कुलदीप वोहरा को 53,500 रुपये नकद दिए, जबकि बाकी रकम ऑनलाइन किस्तों में ट्रांसफर की। पूरी राशि देने के बावजूद न तो उन्हें वीजा मिला और न ही एयर टिकट उपलब्ध कराया गया।
बाद में सनी को पता चला कि उनके जैसे कई और लोग भी इसी तरह ठगी का शिकार हुए हैं। सभी पीड़ितों ने एसएसपी की पब्लिक विंडो में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतों की जांच के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।





