विदेश

DC में व्हाइट हाउस के पास फायरिंग: अफ़गान नागरिक पर शक, सुरक्षाकर्मी गंभीर

वाशिंगटन डीसी: अमेरिकी राजधानी में बुधवार दोपहर एक गंभीर घटना सामने आई जब व्हाइट हाउस से महज कुछ ब्लॉक की दूरी पर वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो सैनिकों को घात लगाकर निशाना बनाया गया. गोलीबारी में दोनों सैनिक बुरी तरह घायल हो गए हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

संदिग्ध की गिरफ्तारी और अफगान नागरिकों की जांच

अधिकारियों ने 29 वर्षीय रहमानुल्लाह लकनवाल नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो गोलीबारी के दौरान स्वयं भी घायल हो गया था. अफगान मूल के इस संदिग्ध के बारे में बताया जा रहा है कि वह 2021 में अमेरिका में दाखिल हुआ था. न्याय विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि इस गोलीबारी की जांच आतंकवादी घटना के रूप में की जा रही है.

अफगान नागरिकों पर कड़े नियम

इस घटना के मद्देनजर राष्ट्रपति ट्रंप ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है. उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में अफगानिस्तान से अमेरिका आए प्रत्येक व्यक्ति की दोबारा गहन जांच की जाएगी. राष्ट्रपति के अनुसार, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग को विश्वास है कि आरोपी 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका में प्रवेश किया था. इस ऐलान से अमेरिका में रह रहे अफगान नागरिकों के लिए चुनौतियां बढ़ने वाली हैं, क्योंकि अब उन्हें कड़ी सुरक्षा जांच से गुजरना होगा.

राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिक्रिया

इस जघन्य घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने इसे आतंकवादी हमला और राष्ट्र के खिलाफ जघन्य अपराध बताया है. वीडियो संदेश जारी करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि थैंक्सगिविंग की छुट्टियों से ठीक पहले राजधानी में तैनात नेशनल गार्ड के दो जवानों को व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर कायराना तरीके से गोलियों का शिकार बनाया गया.

ट्रंप ने जोर देते हुए कहा, “यह केवल दो सैनिकों पर हमला नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण अमेरिकी राष्ट्र और मानवता के विरुद्ध एक गंभीर अपराध है.”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button