IPL2025

दिल्ली कैपिटल्स की धमाकेदार जीत, सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया

दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में अपनी जीत की लय बरकरार रखते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 7 विकेट से मात दी। विशाखापट्टनम में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 163 रन बनाए। डीसी ने 16 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

उपकप्तान फाफ डुप्लेसी ने 27 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से शानदार 50 रन बनाए। उन्होंने जेक फ्रेजर-मैकगर्क (32 गेंदों में 38 रन, चार चौके, दो छक्के) के साथ पहले विकेट के लिए 81 रनों की मजबूत साझेदारी की। केएल राहुल ने ताबड़तोड़ 5 गेंदों में 15 रन बनाए। अभिषेक पोरेल (18 गेंदों में 34 रन, दो चौके, दो छक्के) और ट्रिस्टन स्टब्स (14 गेंदों में 21 रन, तीन चौके) नाबाद लौटे। हैदराबाद के लिए जीशान अंसारी ने तीन विकेट झटके।

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत खराब रही। टीम 18.3 ओवर में 163 रन पर सिमट गई। दिल्ली के स्टार गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने घातक गेंदबाजी करते हुए पहली बार आईपीएल में पांच विकेट झटके। उन्होंने 3.4 ओवर में 35 रन देकर यह कारनामा किया। कुलदीप यादव ने तीन और मोहित शर्मा ने एक विकेट हासिल किया। हैदराबाद के लिए अनिकेत वर्मा ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए। उन्होंने 41 गेंदों में पांच चौके और छह छक्के लगाए, जो उनकी आईपीएल में पहली फिफ्टी रही।

हैदराबाद की पारी की शुरुआत खराब रही। ओपनर अभिषेक शर्मा (1) पहले ही ओवर में रन आउट हो गए। स्टार्क ने तीसरे ओवर में ईशान किशन (2) और नीतीश कुमार रेड्डी (0) को आउट कर हैदराबाद को शुरुआती झटके दिए। पांचवें ओवर में उन्होंने ट्रैविस हेड (12 गेंदों में 22 रन) को भी पवेलियन भेजा। एक समय एसआरएच ने 37 रनों पर चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन अनिकेत वर्मा और हेनरिक क्लासेन (19 गेंदों में 32 रन, दो चौके, दो छक्के) ने पांचवें विकेट के लिए 77 रनों की अहम साझेदारी निभाई। मोहित शर्मा ने 11वें ओवर में क्लासेन को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी।

इसके बाद वियान मुल्डर (9), हर्षल पटेल (5), अनिभनव मनोहर (4) और पैट कमिंस (2) बड़ी पारी नहीं खेल सके। मोहम्मद शमी 1 रन बनाकर नाबाद लौटे। दिल्ली कैपिटल्स ने इस जीत के साथ आईपीएल 2025 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button