Hindi Newsportal

Cyclone Yaas: बालेश्वर से गुजर रहा है चक्रवात यास; ओडिशा-बंगाल में जमकर मचाया तांडव, तटीय क्षेत्रों में भरा पानी, ट्रेनें भी कैंसल

0 779

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान यास ने अपना बेहद रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में यास तूफान के तांडव को देखते हुए बिहार समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल और ओडिशा सरकार ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जोखिम वाले क्षेत्रों से 12 लाख से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।

इधर चक्रवात यास ओडिशा के दक्षिण में बालासोर के पास पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 9 बजे से लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान तेज हवाएं चल रही हैं, समंदर में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं और रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है।

150 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है हवाएं।

बताया गया है कि यह चक्रवात ओडिशा के तट से दोपहर में गुजर जाएगा। लैंडफॉल के बाद हवाओं की गति 130 से 140 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने पहले यास के आज ओडिशा-बंगाल के तट के पास सुबह 10 बजे के पास पहुंचने के आसार जताए थे, लेकिन चक्रवात की रफ्तार काफी तेज है। ओडिशा के तटीय इलाकों में इस वक्त 150 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।

ओडिसा में 9 जिलों में अलर्ट जारी।

चक्रवात के प्रभाव से निपटने के लिए ओडिशा ने 9 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है। परेशान करने वाली बात यह है कि यह सभी जिले कोविड के रेड जोन में हैं। इन सभी में 1000 केस एक्टिव केस प्रत्येक हैं। जो जिले रेड अलर्ट में हैं, उनमें जाजपुर, धेनकनल, केवंझर, भद्रक, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, बालासोर, मयूरभंज और कटक शामिल हैं। फिलहाल सबसे ज्यादा 57 हजार 61 केस और 154 मौतें कटक में ही हुई हैं। यहां 9721 एक्टिव केस हैं।

ओडिशा: 404 बचाव दल तैनात।

ओडिशा के संवेदनशील जिलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 52 टीम, ओडिशा आपदा त्वरित कार्य बल (ओडीआरएएफ) की 60 टीम, अग्निशमन दल की 205 टीम और वन विभाग की लकड़ी काटने वाली 60 टीम समेत करीब 404 बचाव दलों को तैनात किया गया है। पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश ने भी आपदा राहत बल, पुलिस बल और अग्निशमन बल के कर्मी बड़ी संख्या में तैनात किए हैं।

बंगाल में 5 और ओडिशा के 4 उप मंडलों में पानी भरने की आशंका।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि पश्चिम बंगाल के पांच और ओडिशा के चार उप-मंडलों और ब्लॉक में पानी भरने की आशंका है। सबसे अधिक पानी भद्रक जिले में भरने की आशंका है। इतनी ऊंची लहरों वाले तूफान का एक कारण पूर्णिमा भी है।

तटीय इलाकों में भारी बारिश रहेगी जारी।

आईएमडी डीजी मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात के कारण सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाली हवा बालेश्वर, भद्रक और पश्चिम बंगाल के मिदिनीपुर में चल रही है। ओडिशा के अंदर के जिलों में भी हवा की गति 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। ये सभी हवा की गति आज रात तक रहेगी, उसके बाद काफी हद तक कम हो जाएगी। पश्चिम बंगाल और ओडिशा  के तटीय  में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है।

एयरपोर्ट बंद, ट्रेनें कैंसल।

ओडिशा और बंगाल के तटीय इलाकों में बारिश जारी है।खराब मौसम की वजह से आज कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन रोक दिए गए हैं। भुवनेश्वर एयरपोर्ट को कल ही बंद कर दिया गया था। भारतीय रेलवे ने कई ट्रेनों को भी रद्द किया है। झारखंड की ट्रेनों को भी कैंसल किया गया है।

बिहार: 26 जिलों में हाई अलर्ट।

चक्रवाती तूफान यास के लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। चक्रवात यास के चलते मौसम विभाग ने बिहार के 26 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन 26 जिलों को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है।

कल सुबह झारखंड में दस्तक देगा यास।

मौसम विभाग के निदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात यास ओडिशा के बालासोर सीमा को पार गर गया। यास कल सुबह झारखंड पहुंचेगा, तब इसके हवा की गति 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे होगी।  पिछले 24 घंटों में ओडिशा में भारी से बेहद भारी बारिश हुई है। उत्तर ओडिशा और तटीय ओडिशा में आज भारी से बेहद भारी बारिश होने की संभावना है।

Click here for Latest News updates and viral videos on our AI-powered smart news

For viral videos and Latest trends subscribe to NewsMobile YouTube Channel and Follow us on Instagram