मनोरंजन

अनुराग बसु की फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ का ट्रेलर रिलीज, सोशल मीडिया पर मचा रहा है धमाल

बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक अनुराग बसु एक बार फिर शहरी रिश्तों की जटिलताओं को बड़े पर्दे पर दिखाने के लिए तैयार हैं। करीब 18 साल पहले आई उनकी फिल्म ‘लाइफ इन ए मेट्रो’ को दर्शकों से खूब प्यार मिला था। अब वह उसी एहसास को नई कहानी और नए कलाकारों के साथ दोहराने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया है, जिसे सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म 4 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

3 मिनट 17 सेकंड लंबे इस ट्रेलर की शुरुआत अरिजीत सिंह की soulful आवाज से होती है, जो दर्शकों को भावनाओं की गहराई में ले जाती है। ट्रेलर में एक ही शहर की चार अलग-अलग प्रेम कहानियां दिखाई गई हैं। ये कहानियां रिश्तों के उतार-चढ़ाव, भावनाओं और नई शुरुआत की उम्मीदों को छूती हैं। फिल्म का संगीत एक बार फिर प्रीतम ने तैयार किया है और उनकी जोड़ी अरिजीत सिंह के साथ दर्शकों को ‘लाइफ इन ए मेट्रो’ की याद दिला रही है। ट्रेलर में झलकते गाने ‘इन दिनों’ और ‘अलविदा’ जैसे ट्रैक्स की धुनों ने फैंस को पहले जैसी ही भावनात्मक यात्रा का अहसास कराया है।

फिल्म का ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। एक यूजर ने लिखा, “अनुराग बसु, प्रीतम और अरिजीत की यह तिकड़ी फिर से दिल को छू गई।” वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, “इस ट्रेलर ने पुरानी यादें ताजा कर दीं… अब फिल्म का इंतजार करना मुश्किल हो रहा है।” फिल्म की स्टारकास्ट में सारा अली खान, आदित्य रॉय कपूर, अली फजल, फातिमा सना शेख, कोंकणा सेन शर्मा, पंकज त्रिपाठी, अनुपम खेर और नीना गुप्ता शामिल हैं। ये सभी कलाकार शहरी जीवन की उलझनों और बदलते रिश्तों को एक नई परिभाषा देने के लिए स्क्रीन पर नजर आएंगे।

‘मेट्रो इन दिनों’ की कहानी, संगीत और कलाकारों की दमदार मौजूदगी को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म भी दर्शकों के दिलों में वही खास जगह बना पाएगी, जैसी 2007 में आई ‘लाइफ इन ए मेट्रो’ ने बनाई थी। अब देखना यह है कि अनुराग बसु एक बार फिर शहरी रिश्तों की दुनिया में वही जादू दोहरा पाते हैं या नहीं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button