स्विट्ज़रलैंड में न्यू ईयर जश्न के दौरान बार में आग, कई लोगों की मौत

स्विट्ज़रलैंड के मशहूर स्की रिसॉर्ट क्रांस-मोंटाना में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान एक बार में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौतों और घायलों की पुष्टि की है, हालांकि अभी तक सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है।
पुलिस के मुताबिक, यह आग गुरुवार तड़के करीब 1:30 बजे ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नाम के बार में लगी। उस समय बार के अंदर 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे। पुलिस प्रवक्ता गैटन लाथियोन ने बताया कि हादसे में कई लोगों की जान गई है और कई घायल हैं।
घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए एक रिसेप्शन सेंटर और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, ताकि लोगों को मदद मिल सके। लाथियोन ने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है। क्रांस-मोंटाना एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जहां न्यू ईयर के मौके पर बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं।
पुलिस ने इस मामले पर सुबह 10 बजे (स्थानीय समय) प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की घोषणा की है। क्रांस-मोंटाना स्विस आल्प्स के बीच स्थित है और मशहूर माउंटेन पीक मैटरहॉर्न से करीब 25 मील उत्तर में है।





