मनोरंजन

एक्ट्रेस कीर्ति कुल्हारी साइबर ठगी का शिकार, क्रेडिट कार्ड से 2.44 लाख रुपये की हुई धोखाधड़ी

फिल्म अभिनेत्री और निर्माता कीर्ति कुल्हारी साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। साइबर ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी का गलत इस्तेमाल कर कुछ ही मिनटों में करीब 2.44 लाख रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली। मामले की शिकायत मिलने के बाद मुंबई की अंबोली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 43 वर्षीय कीर्ति कुल्हारी 24 जुलाई की रात अंधेरी पश्चिम के एक मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने गई थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर बैंक का एक अलर्ट आया। मैसेज में बताया गया कि उनके क्रेडिट कार्ड से एयरोमेक्सिको एयरलाइन पर 2525 अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया गया है।

यह मैसेज देखकर कीर्ति तुरंत बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क किया। जांच में पता चला कि उनके कार्ड से चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन किए गए हैं, जिनकी कुल रकम 2.43 लाख रुपये से ज्यादा थी। इसके बाद बैंक ने किसी और नुकसान से बचाने के लिए उनका क्रेडिट कार्ड तुरंत ब्लॉक कर दिया।

शुरुआती जांच में पता चला है कि कीर्ति ने अपने कार्ड का पासवर्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की थी। ऐसे में आशंका है कि साइबर ठगों ने किसी तकनीकी तरीके से उनके कार्ड की जानकारी हासिल की और उसका इस्तेमाल किया।

फिलहाल अंबोली पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स बैंक रिकॉर्ड, ट्रांजैक्शन डिटेल और डिजिटल डेटा की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में कई बार अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह भी शामिल होते हैं, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button