16 साल बाद भारत लौटेंगे ललित मोदी, ED मामले में मिली बड़ी राहत

नई दिल्ली: आईपीएल के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने करीब 16 साल बाद भारत लौटने की इच्छा जताई है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब 2009 आईपीएल से जुड़े फेमा (FEMA) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा लगाए गए जुर्माने को अपीलीय न्यायाधिकरण ने रद्द कर दिया।
ललित मोदी ने फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि पिछले 16 वर्षों से वह इस मामले में लड़ाई लड़ रहे थे और अब उन्हें न्याय मिला है। उनका कहना है कि जो बातें वह लंबे समय से कहते आ रहे थे, अब वही सच साबित हुई हैं।
SAFEMA के तहत अपीलीय न्यायाधिकरण ने 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल सीजन से जुड़े मामले में ईडी के अधिकांश निष्कर्षों और लगाए गए जुर्माने को खारिज कर दिया। इस मामले में ललित मोदी के साथ-साथ बीसीसीआई और अन्य संबंधित पक्षों को भी राहत मिली है।
ललित मोदी ने कहा कि अब यह मामला उनके पीछे छूट चुका है और वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी योजना इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत लौटने की है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी अक्टूबर में बच्चे को जन्म देने वाली हैं और वह अपने होने वाले नाती से मिलने के बाद भारत वापस आने की उम्मीद कर रहे हैं।





