अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 लोगों की मौत, 10 घायल
गुजरात के अहमदाबाद में रामोल-गात्राड़ रोड पर स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में शनिवार दोपहर भीषण धमाका हुआ, जिसके बाद वहां आग लग गई। इस हादसे में 5 लोगों की जान चली गई है, जबकि 10 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

हादसा उस वक्त हुआ जब फैक्ट्री में काम चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री कथित तौर पर अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। अहमदाबाद पुलिस के एडिशनल कमिश्नर (सेक्टर-2) जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि इस घटना में कुल 15 लोग प्रभावित हुए।
अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे के बाद दमकल विभाग, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घायलों को तुरंत अहमदाबाद सिविल अस्पताल और एलजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुखद बात यह है कि एक पीड़ित की मौत सिविल अस्पताल में हुई, जबकि चार अन्य ने एलजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी 10 घायलों का उपचार जारी है।
जांच के घेरे में फैक्ट्री
पुलिस के अनुसार, यह फैक्ट्री मेहुल डोडिया द्वारा संचालित की जा रही थी। सूत्रों का कहना है कि इस इकाई का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद यह अवैध रूप से चल रही थी। पुलिस अब लाइसेंस और फैक्ट्री संचालन की वैधता की जांच कर रही है। साथ ही, आग लगने के कारणों और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “अहमदाबाद, गुजरात में एक पटाखा फैक्ट्री में हादसे के कारण हुई मौतों से अत्यंत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।





