जयशंकर ने UN महासचिव गुटेरेस से की मुलाकात, UNSC सीट के लिए भारत ने शुरू किया अभियान

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया, यूक्रेन और सूडान में जारी संघर्ष समेत कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब भारत ने 2028-29 के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की गैर-स्थायी सीट के लिए आधिकारिक रूप से अपना अभियान शुरू किया है।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में भारत और संयुक्त राष्ट्र के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों पर विचार साझा किए।
Glad to meet @antonioguterres, Secretary General of the @UN in New York today.
Discussed global developments, including of West Asia, Ukraine and Sudan. Also recognised the strength of India – UN cooperation.
🇮🇳 🇺🇳 pic.twitter.com/Eyun5r5otZ
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) July 13, 2026
भारत ने UNSC अभियान के लिए पेश किया ‘शांति’ विजन
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में जयशंकर ने भारत के UNSC अभियान के लिए छह सूत्रीय विजन ‘SHANTI’ (Securing Holistic Advancement through Norms, Trust and Integrity) पेश किया।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के राजदूतों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ग्लोबल साउथ की आवाज बनकर बहुपक्षीय संस्थाओं को मजबूत करने के लिए काम करेगा। जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में भारत के योगदान और महिला, शांति और सुरक्षा एजेंडे के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
भारत अगले साल होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा चुनाव में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की गैर-स्थायी UNSC सीट के लिए चुनाव लड़ेगा। अगर भारत चुना जाता है, तो वह नौवीं बार सुरक्षा परिषद का सदस्य बनेगा।





