मौसम

अरुणाचल प्रदेश में फ्लैश फ्लड का कहर, कई इलाकों में तबाही; पुल और इमारतें बहीं

अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण सोमवार को कई इलाकों में अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) ने भारी तबाही मचाई। कुरुंग कुमे, कमले और पक्के केसांग जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कुरुंग कुमे जिले के दूरदराज के सीमावर्ती शहर पारसी पार्लो में भारी बारिश के बाद कुमे और पारसी पार्लो नदियों का जलस्तर बढ़ गया। पानी रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक स्थानों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाढ़ से पारसी पार्लो सर्किल और डामिन सब-डिवीजन में काफी नुकसान हुआ है। सेंट थॉमस चर्च पूरी तरह बह गया, जबकि बैपटिस्ट चर्च को भी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा दो घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं और पारसी पार्लो का इंस्पेक्शन बंगला भी पानी में डूब गया।

बाढ़ के कारण कई इलाकों का सड़क संपर्क टूट गया है। हुरी से डामिन और पगाम गांव को जोड़ने वाले पुल बह गए हैं। एक पुल टूटने से इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) कैंप तक जाने वाला रास्ता भी प्रभावित हुआ है। जिला प्रशासन पुलिस, अर्धसैनिक बलों और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रहा है और राहत कार्यों में जुटा है। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले एक महीने में अरुणाचल प्रदेश में यह तीसरी बड़ी फ्लैश फ्लड की घटना है।

फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button