भारत

E20 पेट्रोल से घटा Mercedes SUV का माइलेज? सौरव जोशी के दावे पर कंपनी ने दिया जवाब

लोकप्रिय यूट्यूबर और व्लॉगर सौरव जोशी के Mercedes SUV के माइलेज को लेकर किए गए दावे के बाद Mercedes-Benz India ने सफाई जारी की है। कंपनी ने कहा है कि उसकी सभी पेट्रोल BS6 गाड़ियां E20 पेट्रोल के लिए पूरी तरह से अनुकूल हैं और इन्हें संबंधित अधिकारियों से प्रमाणित किया गया है।

Mercedes-Benz India ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा, गाड़ियों की विश्वसनीयता और बेहतर प्रदर्शन कंपनी की प्राथमिकता है। कंपनी ने बताया कि E20 फ्यूल को लेकर ग्राहकों के किसी भी तकनीकी सवाल में वह मदद के लिए तैयार है।

सौरव जोशी ने क्या दावा किया?

दरअसल, सौरव जोशी ने हाल ही में अपने यूट्यूब वीडियो में दावा किया था कि उनकी Mercedes SUV का माइलेज अचानक काफी कम हो गया है। उन्होंने बताया कि गाड़ी का माइलेज पहले करीब 17 किलोमीटर प्रति लीटर था, जो दो दिनों में घटकर 5 किलोमीटर प्रति लीटर तक पहुंच गया।

सौरव जोशी ने इसके लिए पेट्रोल में मिलाए जा रहे एथेनॉल को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि पहले फुल टैंक में गाड़ी करीब 800 किलोमीटर तक चलने की रेंज दिखाती थी, लेकिन अब पेट्रोल भरवाने के बाद यह रेंज घटकर करीब 480 किलोमीटर रह गई है।

व्लॉगर ने चिंता जताई कि कहीं एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की वजह से उनकी गाड़ी के इंजन को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि अब उन्हें गाड़ी में पेट्रोल भरवाने को लेकर डर लगने लगा है।

क्या है E20 पेट्रोल?

E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल मिलाया जाता है। भारत सरकार लंबे समय से एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा दे रही है। सरकार का कहना है कि इससे किसानों को फायदा हुआ है, चीनी उद्योग को बढ़ावा मिला है और साल 2014-15 से अब तक देश के विदेशी मुद्रा भंडार की बड़ी बचत हुई है।

हालांकि, कुछ वाहन मालिकों ने E20 पेट्रोल से माइलेज कम होने और पुराने वाहनों के इंजन पर असर पड़ने की चिंता जताई है। इसी बीच Mercedes-Benz India ने स्पष्ट किया है कि उसकी BS6 पेट्रोल गाड़ियां E20 फ्यूल के साथ सुरक्षित तरीके से चल सकती हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button