भारत

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा की चिंगारी, इंफाल में आगजनी से गुस्साए लोग; प्रशासन पर उठे सवाल

मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले के कांटो सबल गांव में आगजनी की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच नाराजगी देखने को मिल रही है। मामले को लेकर कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, भाजपा विधायक हेइखम डिंगो सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कार्रवाई की जानकारी दी है।

कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम ने कहा कि उन्होंने घटना से जुड़े वीडियो देखे हैं, जिसमें लोग सुरक्षा बलों के सामने अपनी शिकायतें रखते नजर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया। सांसद ने कहा कि अगर सुरक्षा बल मौके पर मौजूद थे, तो फिर चार घरों को जलने से क्यों नहीं रोका जा सका।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब इलाके में सेना तैनात थी, तो हिंसा करने वाले लोग वहां से कैसे निकल गए। उन्होंने यह भी पूछा कि रैली की अनुमति किसने दी और क्या प्रशासन के पास संभावित हिंसा को लेकर कोई खुफिया जानकारी थी। कांग्रेस सांसद ने मामले की पूरी जांच की मांग की है।

वहीं, भाजपा विधायक हेइखम डिंगो सिंह ने आरोप लगाया कि कांटो सबल गांव में कुकी प्रदर्शनकारियों ने तीन घरों में आग लगा दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने एसपी और डीसी के साथ मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।

भाजपा विधायक ने कहा कि लीमाखोंग सेना शिविर पूर्वोत्तर के बड़े सेना शिविरों में से एक है और सेना की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से भी बातचीत की गई है। विधायक के मुताबिक, घटना में शामिल 2-3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आगे की जांच जारी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button