
S Janaki Death: दक्षिण भारतीय सिनेमा की दिग्गज पार्श्व गायिका एस जानकी (S Janaki) का शनिवार को मैसूर (Mysuru) में 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की। एस जानकी को ‘नाइटिंगेल ऑफ साउथ’ और ‘जानकी अम्मा’ के नाम से भी जाना जाता था।
परिवार ने दी निधन की जानकारी
एस जानकी की पोती अप्सरा वैद्युला ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि जानकी ने अपने परिवार के बीच शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। परिवार ने इस कठिन समय में सभी से निजता बनाए रखने की अपील भी की है।
छह दशक से अधिक का शानदार करियर
सिस्तला जानकी का जन्म 23 अप्रैल 1938 को आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के पल्लापटल गांव में हुआ था। बचपन से ही संगीत में रुचि रखने वाली जानकी ने कम उम्र में मंच पर प्रस्तुति देना शुरू कर दिया था।
अपने करियर की शुरुआत उन्होंने 1957 में की और इसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, हिंदी, संस्कृत, उड़िया, तुलु, उर्दू, पंजाबी, बंगाली, कोंकणी समेत 20 भारतीय भाषाओं में हजारों गीत गाए। इसके अलावा उन्होंने अंग्रेजी, जापानी, जर्मन और सिंहला जैसी विदेशी भाषाओं में भी अपनी आवाज दी।
कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से हुईं सम्मानित
एस जानकी को अपने लंबे और शानदार संगीत करियर में कई बड़े सम्मान मिले। उन्हें चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और विभिन्न राज्यों के 33 राज्य फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी मधुर आवाज ने कई पीढ़ियों के संगीत प्रेमियों के दिलों में खास जगह बनाई।
निजी जीवन
एस जानकी ने वर्ष 1959 में वी. रामप्रसाद से विवाह किया था। उनके पति ने हमेशा उनके संगीत करियर को आगे बढ़ाने में सहयोग दिया। वर्ष 1997 में रामप्रसाद का हृदयाघात से निधन हो गया था। इसी वर्ष जनवरी में उनके बेटे मुरली कृष्णा का भी निधन हो गया था।
संगीत जगत ने दी श्रद्धांजलि
एस जानकी के निधन की खबर सामने आते ही फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके प्रशंसक और कई कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनकी आवाज और गीत आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बने रहेंगे।





