AI साइंस-टेक्नोलॉजीभारत

अब बिना फोन नंबर शेयर किए करें WhatsApp पर चैट, जल्द आ रहा Username फीचर

WhatsApp जल्द ही अपने यूजर्स के लिए एक नया Username फीचर लाने जा रहा है। इस फीचर की मदद से लोग अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह बदलाव यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत बनाने के लिए किया जा रहा है।

अब तक WhatsApp पर किसी से संपर्क करने के लिए उसका मोबाइल नंबर होना जरूरी था। लेकिन नए अपडेट के बाद यूजर्स अपने लिए एक यूनिक यूजरनेम चुन सकेंगे और उसी के जरिए दूसरे लोग उनसे जुड़ पाएंगे। इससे खासकर बड़े ग्रुप्स में शामिल होने या पहली बार किसी से बातचीत करने के दौरान फोन नंबर छिपा रहेगा।


कंपनी के अनुसार, यूजरनेम 3 से 35 अक्षरों के बीच का होगा। WhatsApp किसी तरह की सार्वजनिक डायरेक्टरी या सर्च सुविधा नहीं देगा। यानी किसी से संपर्क करने के लिए उसका सही यूजरनेम पता होना जरूरी होगा। इसके अलावा यूजर्स एक Username Key’ भी सेट कर सकेंगे, जिससे वे तय कर पाएंगे कि कौन उनसे संपर्क कर सकता है। इस Key को जरूरत पड़ने पर बदला भी जा सकेगा।

WhatsApp ने सलाह दी है कि यूजर्स ऐसा यूजरनेम चुनें जो यूनिक हो और केवल भरोसेमंद लोगों के साथ साझा करें। अगर पसंद का यूजरनेम चुनने में परेशानी होती है, तो ऐप यूजरनेम जनरेट करने का विकल्प भी देगा। जो यूजर्स अपना यूजरनेम रिजर्व करना चाहते हैं, उन्हें WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन अपडेट करना होगा। इसके बाद Settings > Account > Username में जाकर अपना पसंदीदा यूजरनेम चुन सकते हैं।

कंपनी ने यह भी बताया कि जिन बिजनेस, क्रिएटर्स या संस्थानों के Instagram या Facebook पर पहले से यूजरनेम हैं, वे वही यूजरनेम WhatsApp पर भी क्लेम कर सकेंगे। वहीं, फर्जी अकाउंट बनने से रोकने के लिए मशहूर हस्तियों, सार्वजनिक व्यक्तियों और सरकारी संस्थाओं से जुड़े कुछ यूजरनेम सुरक्षित रखे जाएंगे।

WhatsApp इस फीचर को चरणबद्ध तरीके से जारी करेगा। इस सप्ताह से यूजर्स अपने यूजरनेम रिजर्व कर सकेंगे, जबकि फीचर को इस साल के अंत तक धीरे-धीरे सभी देशों में उपलब्ध कराया जाएगा। जब यह सुविधा किसी देश में शुरू होगी, तब यूजर्स को ऐप के अंदर नोटिफिकेशन के जरिए इसकी जानकारी दी जाएगी।

WhatsApp के मुताबिक, दुनियाभर में उसके 3 अरब से अधिक यूजर्स हैं। ऐसे में पहले से यूजरनेम रिजर्व करने की सुविधा इसलिए दी जा रही है, ताकि हर यूजर अपनी पसंद का नाम समय रहते सुरक्षित कर सके।

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button