मथुरा में भीषण सड़क हादसा: यमुना एक्सप्रेसवे पर वोल्वो बस कंटेनर से टकराई, 4 की मौत, 27 घायल

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक निजी वोल्वो बस कंटेनर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4 बजे राया थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 112 के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे, जिससे कई लोग सीटों के बीच फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में उसकी क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस को निर्धारित चालक की जगह कंडक्टर चला रहा था। बस में करीब 70 यात्री मौजूद थे।
हादसे में बस चालक, कंडक्टर, क्लीनर और एक यात्री की मौत हो गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को आगरा और दिल्ली के अस्पतालों में रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दो से तीन यात्रियों की हालत गंभीर है, जबकि अन्य घायल खतरे से बाहर हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





