
Washington DC: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं। रुबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच करीबी रिश्तों पर जोर देते हुए भारत-अमेरिका संबंधों को ‘शानदार’ बताया।
वॉशिंगटन में आईएएनएस से बात करते हुए रुबियो ने कहा कि वह राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए इस साल के अंत तक खुद भारत की यात्रा करने की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “भारत अमेरिका का एक बहुत करीबी साझेदार और सहयोगी है, और प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के बीच संबंध इससे ज्यादा करीब नहीं हो सकते, जो कूटनीति में वास्तव में महत्वपूर्ण है”।
क्या यह ट्रंप की ऐतिहासिक यात्रा होगी?
अगर यह दौरा होता है, तो यह फरवरी 2020 के बाद ट्रंप की पहली भारत यात्रा होगी और दूसरे कार्यकाल के लिए व्हाइट हाउस लौटने के बाद भी यह उनका पहला दौरा होगा। ट्रंप और मोदी की आखिरी मुलाकात फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी, जो 16 महीनों में उनकी पहली द्विपक्षीय बैठक थी।
व्यापार समझौते पर बड़ी अपडेट
रुबियो ने यह भी बताया कि नई दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत चल रही है, जो अब पूरा होने के करीब है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की जी7 में प्रधानमंत्री के साथ एक बेहतरीन बैठक हुई और व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया बहुत सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है। दोनों देश क्वाड (Quad) समूह की अगली बैठक का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
PM मोदी के नेतृत्व की तारीफ
अमेरिकी विदेश मंत्री ने PM मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए खुद को उनका ‘फैन’ बताया। रुबियो ने कहा, “मोदी ने भारत को एक वैश्विक शक्ति (ग्लोबल पावर) बना दिया है”।
ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग
ऊर्जा सहयोग पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका ऊर्जा आपूर्ति बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में से एक है जिनके पास भारी कच्चे तेल को रिफाइन करने की क्षमता है।





