केतन अग्रवाल मर्डर केस में नया खुलासा, हेयर पैच को लेकर पिता ने तोड़ी चुप्पी

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में अब एक नया एंगल सामने आया है। केतन के हेयर पैच (विग का छोटा हिस्सा) को लेकर चर्चा हो रही है। हालांकि, जांच एजेंसियों का कहना है कि सिर्फ यही वजह हत्या का कारण नहीं हो सकती और मामले की जांच कई अन्य पहलुओं से भी की जा रही है।
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि उनके बेटे ने एक छोटा सा हेयर पैच लगाया हुआ था। उन्होंने कहा कि सगाई से पहले ही इस बारे में सिया गोयल और उसके परिवार को पूरी जानकारी दे दी गई थी।
विशाल अग्रवाल ने कहा, “अगर सिया को इस बात से कोई दिक्कत थी तो वह शादी से पहले मना कर सकती थी। इसके लिए मेरे बेटे की जान लेने की क्या जरूरत थी?” उन्होंने यह भी दावा किया कि लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग का प्लान केतन ने नहीं, बल्कि सिया गोयल ने बनाया था।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर केतन को करीब 300 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया। इसके बाद घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की गई और कहा गया कि फोटो खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया था।
जांच में पुलिस का दावा है कि यह हत्या पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी। पुलिस के मुताबिक, केतन की हत्या की इससे पहले भी कई बार कोशिश की गई थी, लेकिन आखिरकार 18 जून को इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





