लखनऊ अग्निकांड: शादी के सपने राख में बदले, आग में झुलसकर प्रेमी जोड़े की मौत

लखनऊ के अलीगंज स्थित एक एनिमेशन सेंटर में सोमवार को लगी भीषण आग ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस हादसे में 27 वर्षीय नीलेश कुमार और 30 वर्षीय अनामिका सामंत की भी मौत हो गई, जो जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले थे।
नीलेश और अनामिका की मुलाकात उसी एनिमेशन सेंटर में हुई थी, जहां दोनों काम करते थे। साथ काम करते-करते दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों परिवार भी इस रिश्ते के लिए राजी थे और शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं।
कुछ दिन पहले ही अनामिका के माता-पिता पश्चिम बंगाल से लखनऊ आए थे। उन्होंने नीलेश और उसके परिवार से मुलाकात की थी। परिवार के लोगों के अनुसार, एक छोटी-सी रस्म भी हुई थी और शादी को लेकर सभी काफी उत्साहित थे।
नीलेश के भाई अभिषेक ने बताया कि अगले सप्ताह परिवार के लोग अनामिका के घर पश्चिम बंगाल जाने वाले थे। इसके लिए ट्रेन की टिकटें भी बुक हो चुकी थीं। दोनों परिवार शादी की तारीख और अन्य तैयारियों में जुटे हुए थे।
परिजनों के मुताबिक, नीलेश अपने काम को लेकर काफी मेहनती था। उसे इस साल प्रमोशन और वेतन बढ़ने की उम्मीद थी। वह चाहता था कि आर्थिक स्थिति और मजबूत होने के बाद शादी करे। वह अपने नए घर के निर्माण में भी सहयोग कर रहा था और उसकी इच्छा थी कि शादी के बाद वह उसी नए घर में अपनी जिंदगी की शुरुआत करे।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सोमवार को एनिमेशन सेंटर में लगी आग ने नीलेश और अनामिका दोनों की जान ले ली। इस हादसे ने शादी की तैयारियों को मातम में बदल दिया। दुख की बात यह है कि अनामिका की 27 वर्षीय चचेरी बहन सोमिल्या, जो उसी सेंटर में काम करती थीं, वह भी इस हादसे में जान गंवा बैठीं।
जिस परिवार में कुछ घंटे पहले शादी और नई जिंदगी की बातें हो रही थीं, वहां अब सिर्फ दुख और आंसू हैं। दोनों परिवार अपने प्रियजनों के पार्थिव शरीर लेने के लिए पोस्टमार्टम हाउस के बाहर इंतजार करते नजर आए। यह दर्दनाक हादसा उन सपनों को हमेशा के लिए अधूरा छोड़ गया, जिन्हें दोनों परिवार मिलकर साकार करने की तैयारी कर रहे थे।





