दिलजीत दोसांझ को मिला बड़ा सम्मान, लॉस एंजिलिस में 6 जनवरी 2027 होगा ‘दिलजीत दोसांझ डे’

लॉस एंजिलिस: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा सम्मान मिला है। अमेरिका के लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल ने आधिकारिक तौर पर 6 जनवरी 2027 को ‘दिलजीत दोसांझ डे’ घोषित किया है।
यह सम्मान दुनिया भर में पंजाबी संगीत को नई पहचान दिलाने और मुख्यधारा के मनोरंजन जगत में दक्षिण एशियाई समुदाय का प्रतिनिधित्व बढ़ाने में उनके योगदान के लिए दिया गया है। दिलजीत दोसांझ ने इस खास उपलब्धि की जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करके दी। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “लॉस एंजिलिस में दिलजीत दोसांझ डे।”
उन्होंने बताया कि लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल ने एक आधिकारिक प्रस्ताव पारित कर 6 जनवरी 2027 को ‘दिलजीत दोसांझ डे’ घोषित किया है। यह प्रस्ताव काउंसिलवुमन मोनिका रोड्रिगेज द्वारा पेश किया गया था। दिलजीत ने बताया कि यह सम्मान उन्हें पंजाबी संगीत को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने और अमेरिकी संस्कृति में दक्षिण एशियाई प्रतिनिधित्व को मजबूत करने के लिए दिया गया है।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में दिलजीत दोसांझ एक निजी समारोह के दौरान सम्मान पत्र प्राप्त करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने सफेद कुर्ता, गुलाबी सलवार और पगड़ी पहन रखी थी। सम्मान मिलने पर वह भावुक दिखाई दिए और हाथ जोड़कर सभी का आभार व्यक्त किया।
दिलजीत की इस उपलब्धि पर उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर की। कई लोगों ने इसे भारतीय और पंजाबी समुदाय के लिए गर्व का क्षण बताया और दिलजीत को इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी।





