टी20 टीम में बड़ा बदलाव! श्रेयस अय्यर बन सकते हैं भारत के नए कप्तान, तिलक वर्मा को मिल सकती है उपकप्तानी

भारतीय पुरुष टी20 टीम की कप्तानी में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया का नया टी20 कप्तान बनाया जा सकता है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।
सूत्रों का कहना है कि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर, मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के अन्य सदस्य इस बदलाव पर सहमत हैं। हालांकि गुरुवार को हुई बीसीसीआई एपेक्स काउंसिल की बैठक में इस मुद्दे पर औपचारिक चर्चा नहीं हुई, लेकिन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस फैसले का समर्थन किया है।
बताया जा रहा है कि 6 जून को होने वाली चयन समिति की बैठक में श्रेयस अय्यर भी मौजूद रह सकते हैं। इसी बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।
यह फैसला ऐसे समय में लिया जा रहा है जब मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था और लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की थी। हालांकि टूर्नामेंट और इसके बाद आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे सीजन में 498 रन बनाए और अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसी प्रदर्शन के दम पर उनकी टी20 टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
भारत की टीम अब आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगी, जिसके बाद इंग्लैंड दौरे पर सीमित ओवरों की सीरीज में हिस्सा लेगी।




