मनोरंजन

‘डॉन 3’ विवाद में नरम पड़ा FWICE, रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग आदेश वापस

फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर अभिनेता रणवीर सिंह और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के बीच चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ जारी किया गया अपना असहयोग निर्देश वापस लेने का फैसला किया है।

इस मामले को लेकर FWICE ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPAA), प्रोड्यूसर गिल्ड ऑफ इंडिया और CINTAA जैसी कई फिल्मी संस्थाओं ने उनसे असहयोग आदेश वापस लेने का अनुरोध किया था। इन संगठनों की अपील को ध्यान में रखते हुए फेडरेशन ने अपना फैसला बदल दिया।

दरअसल, FWICE ने आरोप लगाया था कि रणवीर सिंह ने फिल्म ‘डॉन 3’ की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले प्रोजेक्ट छोड़ दिया, जिससे निर्माताओं को नुकसान हुआ। इसके बाद इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) ने मामला FWICE को भेजा था और फेडरेशन ने अभिनेता के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया था।

इस आदेश के तहत फेडरेशन से जुड़े तकनीशियन और कर्मचारी रणवीर सिंह के किसी भी प्रोजेक्ट में काम नहीं करने वाले थे। हालांकि अब यह आदेश वापस ले लिया गया है।

इस बीच रणवीर सिंह ने भी FWICE को कानूनी नोटिस भेजा है। फेडरेशन के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने इसकी पुष्टि की है। FWICE ने कहा कि असहयोग निर्देश वापस लेने का फैसला किसी कानूनी दबाव में नहीं, बल्कि इंडस्ट्री संगठनों के अनुरोध पर लिया गया है। साथ ही फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि वह रणवीर के लीगल नोटिस का उचित जवाब देगा और अपने कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करेगा।

फिल्म इंडस्ट्री में इस फैसले को रणवीर सिंह के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे उनके मौजूदा और आने वाले फिल्म प्रोजेक्ट्स पर मंडरा रहा संकट फिलहाल टल गया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button