भारत

CBSE में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का हुआ तबादला

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। बोर्ड के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया गया है। यह फैसला कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटल मूल्यांकन को लेकर उठे विवाद के बीच लिया गया है।

हाल के दिनों में कुछ छात्रों ने आरोप लगाया था कि बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई उनकी स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाएं उनकी लिखावट से मेल नहीं खा रही थीं। इसके बाद ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे। छात्रों और अभिभावकों ने डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया में संभावित गड़बड़ियों की जांच की मांग की थी। इसके अलावा सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में देरी, तकनीकी समस्याओं और भुगतान संबंधी दिक्कतों को लेकर भी बोर्ड की आलोचना हो रही थी।

इसी बीच केंद्र सरकार ने CBSE के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता के तबादले का आदेश जारी किया। इस संबंध में शिक्षा मंत्रालय की ओर से आधिकारिक अधिसूचना भी जारी की गई है। राहुल सिंह 1996 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने मार्च 2024 में CBSE चेयरमैन का पद संभाला था। इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले राहुल सिंह इससे पहले कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) में अतिरिक्त सचिव के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।

विवाद तब शुरू हुआ जब कुछ छात्रों ने दावा किया कि परिणाम जारी होने के बाद उन्हें जो स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई गईं, वे उनकी वास्तविक उत्तर पुस्तिकाओं से अलग लग रही थीं। इसके बाद सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई।

फिलहाल CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली और कक्षा 12 की मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों पर सभी की नजर बनी हुई है। छात्रों और अभिभावकों ने बोर्ड से अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है।

Show More
Back to top button