भारत

लुधियाना में पंजाबी सिंगर यशइंदर कौर की हत्या से सनसनी, नहर से मिला शव

पंजाब के लुधियाना में पंजाबी सिंगर यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर (29) की हत्या का मामला सामने आया है। वह पिछले छह दिनों से लापता थीं और सोमवार सुबह उनका शव नीलो नहर से बरामद हुआ। परिजनों के अनुसार, यशइंदर 13 मई की शाम घर से राशन लेने के लिए निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। रात करीब 10 बजे उन्होंने आखिरी बार परिवार से बात की थी और कहा था कि वह घर लौट रही हैं, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया।

परिवार का आरोप है कि यशइंदर की करीब 5 साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए कनाडा में रहने वाले सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से पहचान हुई थी। बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, जिसके बाद यशइंदर ने शादी से इनकार कर दिया था।

परिजनों का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उन पर शादी का दबाव बनाया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी अपहरण और हत्या कर दी। आरोप है कि यशइंदर को 13 मई की रात गन पॉइंट पर अगवा किया गया और बाद में नहर किनारे उनकी हत्या कर दी गई।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी कनाडा से नेपाल के रास्ते भारत आया था और वारदात के बाद फिर फरार हो गया। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button