NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में मास्टरमाइंड गिरफ्तार, CBI ने किया बड़ा खुलासा

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले में CBI ने कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच में केमिस्ट्री पेपर लीक का असली स्रोत और छात्रों तक पेपर पहुंचाने वाले बिचौलियों की भूमिका सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीवी कुलकर्णी के रूप में हुई है। CBI के मुताबिक, कुलकर्णी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था। इसी वजह से उसे 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्रों तक पहुंच हासिल थी। हालांकि पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी।
CBI ने बताया कि अप्रैल 2026 के आखिरी हफ्ते में कुलकर्णी ने एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से छात्रों को इकट्ठा किया। मनीषा वाघमारे को CBI ने 14 मई को गिरफ्तार किया था।
जांच एजेंसी के अनुसार, कुलकर्णी ने पुणे स्थित अपने घर पर छात्रों के लिए विशेष कोचिंग क्लासेस चलाईं। इन क्लासेस में उसने कथित तौर पर प्रश्न, उनके विकल्प और सही उत्तर छात्रों को डिक्टेट किए। छात्रों ने इन्हें अपनी नोटबुक में लिखा और बाद में ये सवाल असली NEET-UG 2026 पेपर से पूरी तरह मेल खाते पाए गए।
मूल रूप से लातूर का रहने वाला कुलकर्णी पूछताछ के बाद पुणे से गिरफ्तार किया गया। CBI ने पिछले 24 घंटों में देशभर के कई ठिकानों पर छापेमारी भी की है। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सामान की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच जारी है, जिससे इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।





