महाराष्ट्र में ‘ब्लू ड्रम’ जैसा हत्याकांड, महिला ने पति संग मिलकर प्रेमी को मार डाला

महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसकी तुलना मेरठ के चर्चित ‘ब्लू ड्रम’ केस से की जा रही है। पुलिस के मुताबिक एक महिला ने अपने पति, भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने प्रेमी की हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया गया।
काम पर निकला युवक अचानक लापता
पुलिस के अनुसार मुम्ब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान 3 अप्रैल को घर से काम के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन की मदद से पता लगाया कि अरबाज आखिरी बार वसई इलाके में था। वहीं उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी इलाके में मिली।
पूछताछ में सामने आया पूरा राज
शक के आधार पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने कुछ नहीं बताया, लेकिन बाद में हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस के मुताबिक मेहजबीन ने अपने पति हसन, भाई तारिक और उसके दोस्त के साथ मिलकर अरबाज की हत्या की साजिश रची थी। पहले उससे पैसे ऐंठने की कोशिश की गई। जब बात नहीं बनी तो आरोपियों ने उसे बांधकर प्लास्टिक पाइप से पीटा और फिर उसकी हत्या कर दी।
ड्रम में भरकर नाले में फेंका शव
हत्या के बाद शव को हरे रंग के ड्रम में भरकर मुम्ब्रा इलाके के एक नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने मेहजबीन और उसके भाई तारिक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेरठ के ‘ब्लू ड्रम’ केस जैसी वारदात
इस घटना की तुलना मेरठ के चर्चित ‘ब्लू ड्रम’ हत्याकांड से की जा रही है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को ड्रम में छिपा दिया था। महाराष्ट्र का यह मामला भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है।





