बेंगलुरु में PM Modi के कार्यक्रम स्थल के पास मिले विस्फोटक, सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्धारित कार्यक्रम स्थल के पास से विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। PM Modi की सुरक्षा को लेकर इसे एक बड़ी चूक और गंभीर खतरे के रूप में देखा जा रहा है।
फुटपाथ पर मिलीं जिलेटिन की छड़ें
बेंगलुरु सेंट्रल रेंज के DIG के अनुसार, रविवार सुबह एक नियमित सुरक्षा जांच के दौरान कार्यक्रम स्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर फुटपाथ के किनारे दो जिलेटिन की छड़ें (gelatine sticks) लावारिस हालत में पाई गईं। यह वही स्थान है जहाँ प्रधानमंत्री मोदी एक जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचने वाले थे।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
विस्फोटक मिलने के तुरंत बाद बम निरोधक दस्ते और स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली सहित कई संवेदनशील शहरों में आतंकी खतरे का इनपुट जारी किया था। इसके बाद से दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर थीं।
जांच जारी, बढ़ाई गई चौकसी
एक आधिकारिक बयान में PTI को बताया गया कि पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और संवेदनशील क्षेत्रों में खड़े वाहनों पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये जिलेटिन की छड़ें वहां कैसे पहुंचीं और इसके पीछे किसका हाथ है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।





