अमेरिका के हमलों पर भड़का ईरान, बोला- यह आत्मरक्षा नहीं बल्कि सीधा हमला

अमेरिका के लगातार सैन्य हमलों को लेकर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। तेहरान ने अमेरिका के “आत्मरक्षा” वाले दावे को खारिज करते हुए इन हमलों को खुली आक्रामकता बताया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोशल मीडिया पर अमेरिका की दलीलों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों को “सामूहिक आत्मरक्षा” बताना पूरी तरह गलत है।
बघाई ने पूछा, “आखिर आत्मरक्षा किस बात की? क्या ईरान ने पहले कोई हमला किया था?” उन्होंने साफ कहा कि ईरान की ओर से ऐसा कोई सशस्त्र हमला नहीं हुआ, जिससे अमेरिका को जवाबी कार्रवाई का अधिकार मिले। ईरानी प्रवक्ता के मुताबिक, बिना किसी पहले हमले के अमेरिका की सैन्य कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यह आत्मरक्षा नहीं, बल्कि ईरान के खिलाफ सीधा हमला है।
अमेरिका और इजरायल के ईरान से जुड़े ठिकानों पर हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इन घटनाओं के बाद ईरान ने भी जवाबी कदम उठाए हैं, जिससे समुद्री व्यापार मार्गों पर असर पड़ा है। इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का कहना है कि अमेरिका ईरान के साथ युद्ध की स्थिति में नहीं है। हालांकि, यह मामला अब War Powers Resolution की समयसीमा के करीब पहुंच रहा है, जिससे अमेरिका में कानूनी और राजनीतिक बहस तेज हो सकती है।





