मनोरंजन

‘सरके चुनर तेरी सरके’ विवाद: NCW का एक्शन, नोरा फतेही-संजय दत्त को समन

The Devil के नए गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए हैं, लेकिन इसके बोल और डांस को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। कई लोगों का कहना है कि गाने में अश्लीलता और आपत्तिजनक चीजें दिखाई गई हैं।

इसी बीच राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए नोरा फतेही, संजय दत्त समेत अन्य लोगों को समन भेजा है। आयोग ने कहा है कि गाने का कंटेंट पहली नजर में आपत्तिजनक, यौन संकेतों से भरा हुआ और कानून के खिलाफ लगता है।

NCW ने अपने बयान में बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और POCSO एक्ट के तहत भी नियमों का उल्लंघन कर सकता है। आयोग ने गीतकार रकीब आलम, निर्माता वेंकट के नारायण (KVN ग्रुप) और किरण कुमार को भी 24 मार्च को पेश होने के लिए कहा है। आयोग ने चेतावनी दी है कि अगर कोई पेश नहीं होता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

यह गाना फिल्म KD: The Devil का हिस्सा है, जिसे निर्देशक प्रेम्स बना रहे हैं। गाने के बोलों को लेकर विवाद इसलिए हुआ क्योंकि इसकी शुरुआत में शब्दों का इस्तेमाल डबल मीनिंग (दो अर्थ वाले) तरीके से किया गया है, जिसे कई लोगों ने आपत्तिजनक बताया। वहीं, गाने के डांस स्टेप्स को भी काफी ज्यादा बोल्ड और आपत्तिजनक बताया जा रहा है।

विवाद बढ़ने के बाद गाने का लिरिकल वीडियो यूट्यूब से हटा दिया गया है। यह गाना हिंदी समेत कई भाषाओं में रिलीज हुआ था, लेकिन अब इसका हिंदी वर्जन यूट्यूब पर उपलब्ध नहीं है।

इस पूरे मामले पर नोरा फतेही ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि वह नहीं चाहतीं कि कोई यह सोचे कि वह ऐसे कंटेंट का समर्थन करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों के विरोध की वजह से ही फिल्ममेकर्स ने गाना हटा लिया है।

पिछले कुछ दिनों में इस गाने को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स, समाज के अलग-अलग वर्गों और नेताओं की तरफ से लगातार विरोध देखने को मिल रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button