भारतमौसम

देशभर में बदला मौसम का मिजाज: कहीं लू का खतरा, तो कहीं बारिश और तूफान का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मार्च की शुरुआत में ही गर्मी ने तेज असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिम भारत के कई इलाकों में भीषण लू चलने की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, असम, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।

कई राज्यों में लू का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में 12 और 13 मार्च के दौरान भीषण हीटवेव की स्थिति बन सकती है। इन इलाकों में तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश की संभावना

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 15 मार्च के बीच भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 से 18 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

कई राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। मौसम विभाग ने किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में अगले दो दिनों में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। 15 मार्च के आसपास हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की भी संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 16 से 18 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी का असर महसूस होने लगा है। मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है।

बिहार में भी बारिश का अलर्ट

बिहार में 15 से 17 मार्च के बीच आंधी और गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना रह सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button