खेलताज़ा खबरें

PAK vs SL T20: सेमीफाइनल में जानें के लिए सिर्फ मैच जीतना जरूरी नहीं, जानें पूरा समीकरण

नई दिल्ली. टी20 विश्व कप का सुपर आठ चरण अपने अंतिम पड़ाव पर है और अब तक केवल दो टीमें ही सेमीफाइनल का टिकट कटा पाई हैं. ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका और ग्रुप-2 से इंग्लैंड अगले दौर में पहुंच चुके हैं, जबकि बाकी दो स्थानों के लिए चार टीमों के बीच कड़ी टक्कर जारी है.

ग्रुप-1 की तस्वीर साफ, ग्रुप-2 में पेच

ग्रुप-1 में समीकरण बिल्कुल सीधा है — रविवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मुकाबले में जो टीम जीतेगी, वही सेमीफाइनल में जाएगी. लेकिन ग्रुप-2 की कहानी कहीं ज्यादा उलझी हुई है जहां नेट रन रेट निर्णायक भूमिका में आ गया है.

इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराया, पाकिस्तान को मिली संजीवनी

इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को मात देकर ग्रुप-2 का पूरा गणित बदल दिया. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 161 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया.

इस हार का सीधा फायदा पाकिस्तान को मिला. अगर न्यूजीलैंड यह मैच जीत जाती तो पाकिस्तान का सफर सुपर आठ में ही समाप्त हो जाता.

ग्रुप-2 में कौन कहां खड़ा है?

इंग्लैंड तीनों मैच जीतकर छह अंकों के साथ पहले स्थान पर है और सेमीफाइनल में जा चुका है. न्यूजीलैंड तीन मैचों में एक जीत, एक हार और एक रद्द मैच के साथ तीन अंक लेकर दूसरे पायदान पर है और उसका नेट रन रेट +1.390 है. पाकिस्तान दो मैचों में एक हार और एक रद्द मैच के बाद महज एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर है जहां उसका नेट रन रेट -0.461 है. सह-मेजबान श्रीलंका अपने दोनों शुरुआती मैच हारकर पहले ही बाहर हो चुकी है.

पाकिस्तान के लिए बड़ी जीत जरूरी

शनिवार को पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से है. श्रीलंका के पास गंवाने के लिए कुछ नहीं बचा, लेकिन पाकिस्तान के लिए यह मैच किसी फाइनल से कम नहीं. पाकिस्तान को केवल जीत नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी.

अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करते हुए 160 रन बनाता है तो उसे यह मैच कम से कम 64 रनों के अंतर से जीतना होगा. वहीं अगर वह पहले गेंदबाजी करता है और श्रीलंका को 160 रन पर रोकता है तो उसे यह लक्ष्य महज 13.1 ओवर यानी 40 से अधिक गेंद बचाकर हासिल करना होगा.

अगर पाकिस्तान ऐसा करने में नाकाम रहा तो बेहतर नेट रन रेट के दम पर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में जगह बना लेगा.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button