यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला, नकाबपोश बाइक सवारों ने ऑफिस में घुसकर मारे चाकू

गाजियाबाद. शुक्रवार की सुबह गाजियाबाद के लोनी स्थित अली गार्डन कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब दो नकाबपोश बाइक सवार ‘एक्स मुस्लिम’ यूट्यूबर सलीम वास्तिक के दफ्तर में घुसे और उन पर धारदार खंजर से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया. हमलावरों ने सलीम के गले को रेतने की कोशिश की और पेट में कई बार चाकू घोंपा. वारदात को अंजाम देकर दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. फिलहाल सलीम दिल्ली के GTB अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.
कौन हैं सलीम वास्तिक?
लोनी के अंकुर विहार स्थित अल्वी नगर निवासी सलीम वास्तिक ने आजाद स्कूल से दीनी तालीम हासिल की थी, लेकिन बाद में उन्होंने खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ घोषित कर दिया. वे ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं जिस पर 28 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं. अपने चैनल और टीवी डिबेट्स में वे इस्लाम, मदरसों की शिक्षा और मुस्लिम समाज की आर्थिक स्थिति पर खुलकर सवाल उठाते थे. उनकी यही बेबाकी अब उनकी जान पर भारी पड़ी है.
AIMIM नेता और बिल्डर सहित पांच पर नामजद FIR
हमले के बाद सलीम के बेटे उस्मान ने चुप बैठने के बजाय पांच लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने उस्मान की तहरीर पर भाटी बिल्डर, AIMIM नेता अजगर, अशरफ, शाहरुख और सोनू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. परिजनों का साफ आरोप है कि यह हमला कोई अचानक की गई वारदात नहीं बल्कि एक सुनियोजित साजिश है जिसके पीछे इलाके के रसूखदार लोगों का हाथ है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन्हीं नामजद आरोपियों ने हमलावरों को सुपारी दी थी.
हालत गंभीर, आज फिर बड़ी सर्जरी
डॉक्टरों के मुताबिक सलीम की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है. गले का ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो चुका है, लेकिन पेट के घाव गहरे होने के कारण आज एक और बड़ी सर्जरी की जानी है. परिवार और समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं.
पुलिस की कई टीमें मैदान में
गाजियाबाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. लोनी थाना अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और हर पहलू की जांच की जा रही है — चाहे वह वैचारिक रंजिश हो या आपसी विवाद. उन्होंने साफ कहा कि आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. इस हमले के बाद लोनी और आसपास के इलाकों में लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है.





