भारत

हैदराबाद में बेकाबू फरारी ने मचाया कहर, कई वाहन क्षतिग्रस्त, लोग घायल

हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में रविवार को एक तेज़ रफ्तार लग्ज़री कार के हादसे में कई लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब एक फरारी कैलिफ़ोर्निया टी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर मौजूद कई वाहनों से टकरा गई।

यह घटना हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके की है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार चालक के नियंत्रण खोते ही स्पोर्ट्स कार कुछ पल के लिए हवा में उछलती है, फिर तेज़ी से एक स्ट्रीट लाइट पोल से टकराती है और सामने से आ रहे वाहनों से भिड़ जाती है।

टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि सड़क पर खड़ी और चल रही कई कारें और दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। फेरारी कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि इस कार की कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार ई. वेंकट राजा रेड्डी के नाम पर पंजीकृत है और हादसे के समय इसे कारोबारी क्रांति रेड्डी चला रहे थे। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि ब्रेक फेल होने और स्टीयरिंग लॉक होने की वजह से चालक का संतुलन बिगड़ा, जिससे यह दुर्घटना हुई।

हादसे में सामने से आ रहे वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। टक्कर के दौरान सड़क के डिवाइडर पर लगा एक लाइट पोल भी उखड़कर गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों व मलबे को हटाने का काम शुरू किया।

हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए भारी जाम लग गया, जिसके चलते ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट करना पड़ा। पुलिस ने एक पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button