पीएम मोदी आज करेंगे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बचे हुए हिस्से और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 82.15 किलोमीटर लंबा पूरा हाई-स्पीड कॉरिडोर आम लोगों के लिए शुरू हो जाएगा। अभी तक इस कॉरिडोर का करीब 55 किलोमीटर हिस्सा ही चालू था।
करीब 82.15 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में लगभग 70 किलोमीटर एलिवेटेड ट्रैक और 12 किलोमीटर भूमिगत ट्रैक शामिल है। इस पूरी परियोजना को करीब 30,274 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसके शुरू होने से मेरठ के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोगों को भी बड़ा फायदा मिलेगा। अब मेरठ से दिल्ली की यात्रा पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगी।
अब तक रैपिड ट्रेन दिल्ली के अशोक विहार से मेरठ साउथ तक चल रही थी। उद्घाटन के बाद यह सेवा मेरठ के मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक संचालित होगी। करीब 82 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए यात्रियों को लगभग 213 रुपये किराया देना होगा।
वहीं मेरठ में पहली बार मेट्रो सेवा की शुरुआत होने जा रही है। करीब 23 किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो चलेगी। हालांकि, मेट्रो का किराया अभी घोषित नहीं किया गया है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। दिल्ली रोड पर ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। रैली स्थल के पास वाहनों की पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
मेरठ मेट्रो और नमो भारत का टाइम-टेबल
मेरठ मेट्रो और नमो भारत सेवा शुरू होने से शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। यात्रियों की सुविधा के लिए पहली और आखिरी ट्रेन का समय तय कर दिया गया है। मोदीपुरम से मेरठ साउथ के बीच डाउन लाइन पर पहली मेरठ मेट्रो सुबह 06:06 बजे चलेगी, जबकि आखिरी मेट्रो रात 10:06 बजे रवाना होगी।
मेरठ साउथ से मोदीपुरम की ओर अप लाइन पर पहली ट्रेन सुबह 06:10 बजे और आखिरी ट्रेन रात 10:02 बजे उपलब्ध होगी। वहीं नमो भारत सेवा में सराय काले खां से मोदीपुरम की ओर पहली ट्रेन सुबह 06:00 बजे और आखिरी ट्रेन रात 10:00 बजे चलेगी।
मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए पहली ट्रेन सुबह 06:01 बजे और आखिरी ट्रेन रात 10:01 बजे रवाना होगी।
इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली और मेरठ के बीच सफर तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।





