हवा की गुणवत्ता सुधरी, दिल्ली-एनसीआर में GRAP-2 तत्काल प्रभाव से हटाया गया

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बुधवार को हुई हल्की बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। प्रदूषण के स्तर में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण यानी GRAP-2 की पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।
CAQM की सब-कमेटी की बैठक बुधवार को हुई, जिसमें दिल्ली और एनसीआर के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की समीक्षा की गई। बैठक में यह पाया गया कि पिछले कुछ दिनों से AQI में लगातार सुधार हो रहा है। इसी के आधार पर GRAP-2 हटाने का फैसला लिया गया। हालांकि GRAP-1 की पाबंदियां पूरे एनसीआर में अभी भी लागू रहेंगी।
दरअसल, AQI के खराब होने के चलते पिछले साल 19 अक्टूबर को GRAP-2 लागू किया गया था। अब हालात बेहतर होने पर इसे हटाया गया है। GRAP-1 के तहत सड़क किनारे ढाबों और रेस्तरां में कोयले के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। साथ ही खुले में कचरा जलाने पर प्रतिबंध और प्रदूषण नियंत्रित करने से जुड़े नियम लागू रहेंगे।
दिल्ली का औसत AQI 214 रहा
बुधवार को दिल्ली का औसत AQI 214 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इससे पहले 16 फरवरी को AQI 261 और 17 फरवरी को 249 था। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में AQI खराब या मध्यम श्रेणी में बना रह सकता है।
हल्की बारिश से बदला मौसम
बुधवार सुबह अक्षरधाम, मोती बाग, कर्तव्य पथ, सफदरजंग, पालम समेत राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। बादलों की आवाजाही के बीच न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले के मुकाबले ज्यादा है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
CAQM ने लोगों से नागरिक चार्टर का पालन करने की अपील की है। खास तौर पर निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, वाहन प्रदूषण कम करने और खुले में कचरा न जलाने जैसे नियमों में सहयोग करने को कहा गया है। आयोग ने साफ किया है कि हालात बिगड़ने पर GRAP-2 दोबारा लागू किया जा सकता है।
फिलहाल हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा।





