बेंगलुरु बैंक में बड़ा फर्जीवाड़ा: ग्राहकों का 3.5 करोड़ का सोना अवैध रूप से गिरवी

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक बैंक के डिप्टी मैनेजर को ग्राहकों के सोने के गबन और बिना अनुमति गिरवी रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अलग-अलग ग्राहकों के 2,780 ग्राम सोने के गहने अवैध रूप से निकालकर एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिए। इस सोने की कीमत 3.5 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
यह मामला तब सामने आया जब बैंक के चीफ मैनेजर ने 5 फरवरी को गिरिनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी ने उच्च अधिकारियों को जानकारी दिए बिना लॉकर से सोना निकाला और उसे गिरवी रख दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बैंक के लॉकर से ग्राहकों के गहने निकालकर एक फाइनेंस कंपनी में प्लेज किए। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस रकम का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टेबाजी में किया गया हो सकता है।
दक्षिण बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त लोकेश बी जगलासर ने बताया, आरोपी डिप्टी बैंक मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब तक करीब 700 ग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। बाकी सोने की रिकवरी की कोशिश जारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि फाइनेंस कंपनियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। “हम अदालत का रुख करेंगे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। मामले की आगे जांच चल रही है।”





