सूरजकुंड मेला झूला हादसा: संचालक कंपनी के दो लोग पुलिस की गिरफ्त में

सूरजकुंड मेला परिसर में 7 फरवरी को हुए झूला हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झूला संचालक कंपनी से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में घायलों को बचाते समय हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद शहीद हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक, थाना सूरजकुंड में हिमाचल प्रदेश की हिमाचल फन केयर कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने मोहम्मद शाकिर (निवासी गांव टोका नंगला, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) और नितेश (निवासी धर्मपुरी सदर, मेरठ कैंट, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। यह एसआईटी पुलिस उपायुक्त अपराध के नेतृत्व में वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
उधर, शहीद निरीक्षक जगदीश प्रसाद का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचे और शहीद के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने ड्यूटी के दौरान घायलों की जान बचाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। पूरा पुलिस विभाग उनके साहस और बलिदान पर गर्व करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग की अनुकंपा नीति के तहत शहीद के परिवार को हरसंभव आर्थिक मदद दी जाएगी और परिवार के योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए थे, जिनमें पुलिसकर्मी और आम नागरिक शामिल हैं। सभी घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। इनमें से पांच लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस महानिदेशक ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।




