भारत

लालू यादव की मौजूदगी में बड़ा फैसला, तेजस्वी बने कार्यकारी अध्यक्ष

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक पटना के मौर्या होटल में आयोजित की गई, जिसमें बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया गया। बैठक में तेजस्वी यादव को राजद का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और संजय यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता खुद लालू प्रसाद यादव ने की।

सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य कारणों और आने वाली राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए लालू प्रसाद यादव पार्टी की जिम्मेदारी धीरे-धीरे तेजस्वी यादव को सौंपने की तैयारी में हैं। इसी क्रम में यह फैसला लिया गया है। बैठक में देशभर से करीब 200 प्रतिनिधि और कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने के लिए एक ऊर्जावान नेतृत्व की जरूरत महसूस की जा रही थी। तेजस्वी यादव पहले से ही बिहार में विपक्ष के प्रमुख चेहरे हैं, और अब कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर फैसले लेने की औपचारिक जिम्मेदारी भी मिल गई है।

राजद नेतृत्व का मानना है कि तेजस्वी यादव को यह जिम्मेदारी देकर पार्टी युवाओं को एक बड़ा संदेश देना चाहती है और संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button