विदेश

अमेरिका में कहर बनकर टूटा सर्दी का तूफान, 13 हजार उड़ानें रद्द

अमेरिका के कई हिस्सों में शनिवार (24 जनवरी 2026) से शुरू हुए भीषण सर्दी के तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खतरनाक बर्फबारी और जमाव वाली बारिश के कारण हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई राज्यों में बिजली गुल हो गई और सड़क यातायात ठप हो गया।

इस तूफान की चपेट में अमेरिका की करीब 14 करोड़ आबादी है, जो देश की कुल जनसंख्या का 40 प्रतिशत से ज्यादा है। नेशनल वेदर सर्विस ने न्यू मैक्सिको से लेकर न्यू इंग्लैंड तक विंटर स्टॉर्म वॉर्निंग जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार से सोमवार (26 जनवरी 2026) तक भारी बर्फ, ओले और फ्रीजिंग रेन जारी रहने की आशंका है। साथ ही लोगों को कई दिनों तक कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ सकती है।

नेशनल वेदर सर्विस की मौसम वैज्ञानिक एलिसन सैंटोरेली ने कहा कि बर्फ और जमी हुई बर्फ बहुत धीरे पिघलेगी और जल्दी खत्म होने वाली नहीं है। इससे हालात सामान्य करने में काफी मुश्किलें आएंगी।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार तक कम से कम एक दर्जन राज्यों में आपातकाल घोषित करने की मंजूरी दे दी है और आने वाले दिनों में और राज्यों में भी ऐसा किया जा सकता है। होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने बताया कि फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) ने कई राज्यों में जरूरी सामान, राहतकर्मी और रेस्क्यू टीमें पहले से तैनात कर दी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब तक जरूरी न हो, घरों में ही रहें।

न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने इसे सालों में आया सबसे खतरनाक तूफान बताया। उन्होंने हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक और अधिकतम गति सीमा 35 मील प्रति घंटा तय करने की घोषणा की। गवर्नर ने कहा कि यह वीकेंड घर के अंदर रहने के लिए सबसे बेहतर है। तूफान का असर खासतौर पर दक्षिणी और पूर्वी राज्यों में देखने को मिला है। टेक्सास और लुइसियाना में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। पावरआउटेज डॉट यूएस के अनुसार, शनिवार को करीब 1.20 लाख घरों में बिजली गुल रही, जिनमें से लगभग 50-50 हजार टेक्सास और लुइसियाना में हैं।

टेक्सास के शेल्बी काउंटी में भारी बर्फ जमने से पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली की लाइनों पर गिर गईं। जिले की करीब एक तिहाई आबादी को बिजली के बिना रहना पड़ा। काउंटी कमिश्नर स्टीवी स्मिथ ने बताया कि सड़कों पर सैकड़ों पेड़ और टहनियां गिरी हुई हैं, जिन्हें हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।

लुइसियाना के डीसोटो पैरिश में पेड़ों के गिरने से कई वाहनों और घरों को नुकसान पहुंचने की खबरें हैं। स्थानीय शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता मार्क पियर्स ने कहा कि पेड़ पूरी तरह बर्फ से लदे हुए हैं और हालात काफी गंभीर हैं।

तूफान का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक शनिवार और रविवार को पूरे अमेरिका में करीब 13,000 उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि जिन इलाकों में बर्फ की परत ज्यादा जमी है, वहां नुकसान की स्थिति तूफान या चक्रवात जैसी हो सकती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button