खेल

वैभव सूर्यवंशी का धमाकेदार फॉर्म जारी, साउथ अफ्रीका के खिलाफ यूथ वनडे में जड़ा शतक

14 वर्षीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का शानदार प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। साल 2025 में लगातार बेहतरीन खेल दिखाने वाले वैभव ने 2026 की शुरुआत भी शानदार अंदाज में की है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही यूथ वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में वैभव ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 74 गेंदों में 127 रन बनाए।

इस मैच में वैभव ने अपना शतक सिर्फ 63 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी में 9 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 171 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। वैभव के साथ ओपनिंग में उतरे एरॉन जॉर्ज ने भी शानदार बल्लेबाजी की और 106 गेंदों में 118 रन बनाए।

साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद वैभव और एरॉन ने शुरुआत से ही अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 25.4 ओवर में 227 रनों की बड़ी साझेदारी की। वैभव को एनटांडो सोनी ने आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।

इसके बाद एरॉन जॉर्ज ने वेदांत त्रिवेदी के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। एरॉन 16 चौकों की मदद से 118 रन बनाकर आउट हुए। वेदांत त्रिवेदी ने 34 रन बनाए, जबकि अभिज्ञान कुंदू ने 21 रनों का योगदान दिया।

कप्तान के तौर पर वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। तीन मैचों की इस सीरीज में भारत ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। दोनों मुकाबले बारिश से प्रभावित रहे। पहले मैच में भारत ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत 25 रनों से जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरा मुकाबला टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीता था।

पहले मैच में वैभव ने 12 गेंदों में 11 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने 24 गेंदों में 68 रनों की तेज पारी खेली थी। 15 जनवरी से शुरू होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले वैभव की यह फॉर्म भारतीय टीम के लिए बेहद सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button