मौसम

देश के बड़े हिस्से में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी, 4 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली: देश का बड़ा हिस्सा इस समय भीषण ठंड, शीतलहर और घने से बहुत घने कोहरे की चपेट में है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के लिए अगले 4-5 दिनों तक गंभीर मौसम की चेतावनी जारी की है.

4 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, 17 में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 4 राज्यों में बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, जबकि 17 राज्यों में घने कोहरे का येलो अलर्ट लागू किया गया है. मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब में बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है.

इसके अलावा असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, और पश्चिम उत्तर प्रदेश में मंगलवार को घने कोहरे की संभावना है.

कई राज्यों में शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया है कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 6 से 9 जनवरी, पश्चिमी राजस्थान में 8 से 10 जनवरी, पूर्वी राजस्थान में 6 से 10 जनवरी, छत्तीसगढ़ में 6 से 8 जनवरी और झारखंड में 6-7 जनवरी के दौरान शीतलहर चलने की बहुत संभावना है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में 6 जनवरी को शीत दिवस की स्थिति बन सकती है.

हिमाचल में तापमान -10.2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा

पहाड़ी इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ रही है. हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में न्यूनतम तापमान -10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी की सबसे ठंडी रात रही. कुकुमसेरी, कल्पा, नारकंडा और सोलन समेत कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है. ऊंचाई वाले इलाकों में झीलें और नाले जमने लगे हैं, जबकि कोकसर, कल्पा और गोंदला में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है.

बिहार और राजस्थान में स्कूल बंद

बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में ठंड के चलते बच्चों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं. राजस्थान के 20 जिलों में ठंड और कोहरे के कारण कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल अलग-अलग अवधि के लिए बंद कर दिए गए हैं.

वहीं बिहार के उत्तर और उत्तर-पूर्वी जिलों, पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. गया में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button