उन्नाव रेप केस: कुलदीप सेंगर को जमानत मिलने पर दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर प्रदर्शन

उन्नाव रेप मामले में निष्कासित बीजेपी नेता कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से सशर्त जमानत मिलने के फैसले के खिलाफ शुक्रवार को कोर्ट परिसर के बाहर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जमानत आदेश का विरोध करते हुए नारेबाजी की और फैसले को गलत बताया।
#WATCH | People protest outside the Delhi High Court against their ruling of conditional bail to Unnao rape case convict Kuldeep Singh Sengar. pic.twitter.com/ie827rzAeT
— ANI (@ANI) December 26, 2025
प्रदर्शन के दौरान पीड़िता की मां ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए जमानत पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “उसकी जमानत रद्द होनी चाहिए। हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। हमें हाईकोर्ट से न्याय की उम्मीद नहीं रही। अगर सुप्रीम कोर्ट से भी न्याय नहीं मिला तो हम किसी और देश तक जाने को मजबूर होंगे।”
#WATCH | Delhi | On Delhi High Court’s conditional bail to Unnao rape case convict Kuldeep Singh Sengar, mother of the victim says, “His bail should be rejected… We will knock on the doors of the Supreme Court. We have lost faith in the High Court… If we don’t get justice in… pic.twitter.com/KPnNyw4wqr
— ANI (@ANI) December 26, 2025
सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तुरंत प्रदर्शन खत्म करने के लिए कहा। पुलिस ने चेतावनी दी कि अगर पांच मिनट के भीतर प्रदर्शन नहीं रोका गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस प्रदर्शन में शामिल महिला अधिकार कार्यकर्ता योगिता भायना ने कहा, “पूरे देश की महिलाएं आहत हैं कि एक बलात्कारी की सजा को पलट दिया गया। यह फैसला इसी अदालत में हुआ है, इसलिए हम उसी जगह से न्याय की मांग कर रहे हैं, जहां हमारे साथ अन्याय हुआ।”
एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, “जब यह साबित हो चुका है कि कुलदीप सेंगर ने रेप और हत्या जैसे अपराध किए, तो उसे जमानत किस आधार पर दी गई? जब उसे उम्रकैद की सजा मिली थी, तो वह बाहर कैसे आ गया? हम मांग करते हैं कि ऐसे अपराधी को फिर से जेल भेजा जाए, ताकि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।”
कुल मिलाकर, कोर्ट के इस फैसले को लेकर लोगों में गुस्सा है और पीड़िता के परिवार व सामाजिक संगठनों ने आगे कानूनी लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया है।





