भारतलाइफस्टाइल

रेलवे की अधिसूचना जारी, जानिए किस क्लास में कितना बढ़ा किराया

रेल मंत्रालय ने यात्री किराए में बढ़ोतरी का फैसला किया है, जो शुक्रवार, 26 दिसंबर से लागू हो जाएगा। इस संबंध में मंत्रालय ने गुरुवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। नए किराए केवल 26 दिसंबर या उसके बाद बुक होने वाले टिकटों पर लागू होंगे। इससे पहले बुक किए गए टिकटों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

रेलवे के मुताबिक, 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए साधारण क्लास में प्रति किलोमीटर 1 पैसा किराया बढ़ाया गया है। वहीं, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी कोच और सभी ट्रेनों के एसी कोच में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।

साल में दूसरी बार बढ़ा रेल किराया

गौरतलब है कि रेल मंत्रालय ने 21 दिसंबर को ही किराया बढ़ाने की घोषणा कर दी थी। यह इस साल दूसरी बार है जब रेल यात्रियों के किराए में बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले जुलाई महीने में भी किराया बढ़ाया गया था।

सीजन टिकट और उपनगरीय सेवाएं रहेंगी सस्ती

मंत्रालय ने साफ किया है कि उपनगरीय सेवाओं और सीजन टिकटों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह छूट उपनगरीय और गैर-उपनगरीय, दोनों तरह के रूट्स पर लागू रहेगी।

साधारण और स्लीपर क्लास में सीमित बढ़ोतरी

गैर-उपनगरीय यात्राओं के लिए स्लीपर क्लास साधारण और फर्स्ट क्लास साधारण के किराए में प्रति किलोमीटर 1 पैसे की समान बढ़ोतरी की गई है। मंत्रालय का कहना है कि इसका उद्देश्य किराए में धीरे-धीरे और सीमित बदलाव करना है, ताकि यात्रियों पर ज्यादा बोझ न पड़े।

मेल-एक्सप्रेस और एसी ट्रेनों में बढ़े दाम

मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में स्लीपर क्लास, एसी चेयर कार, एसी थ्री टियर, एसी टू टियर और एसी फर्स्ट क्लास के किराए में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इसका मतलब है कि 500 किलोमीटर की यात्रा पर टिकट करीब 10 रुपये महंगा हो जाएगा।

इन ट्रेनों पर भी लागू होगा नया किराया

नई दरें राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, महामना, गतिमान, अंत्योदय, गरीब रथ, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल समेत सभी प्रमुख गैर-उपनगरीय ट्रेनों पर लागू होंगी।

द्वितीय श्रेणी साधारण के लिए नई किराया बढ़ोतरी

रेलवे ने द्वितीय श्रेणी साधारण के लिए दूरी के हिसाब से किराया बढ़ोतरी तय की है। 250 किलोमीटर तक की यात्रा पर कोई बढ़ोतरी नहीं होगी, जबकि 216 से 750 किलोमीटर की दूरी पर 5 रुपये, 751 से 1250 किलोमीटर पर 10 रुपये, 1251 से 1750 किलोमीटर पर 15 रुपये और 1751 से 2250 किलोमीटर की यात्रा पर 20 रुपये अधिक देने होंगे।

रेल मंत्रालय का कहना है कि यह फैसला रेलवे की वित्तीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं दी जा सकें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button