विजय हजारे ट्रॉफी: विराट कोहली और रोहित शर्मा ने शतक जड़ रचा इतिहास

नई दिल्ली: भारत के घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में बुधवार से शुरुआत होते ही दिग्गज बल्लेबाजों ने अपनी धमाकेदार वापसी का ऐलान कर दिया. दिल्ली के लिए विराट कोहली और मुंबई के लिए रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़कर अपनी क्लास का प्रदर्शन किया.
विराट कोहली का शतक और ऐतिहासिक उपलब्धि
आंध्र के खिलाफ 299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेज़ मास्टर विराट कोहली ने 83 गेंद में शतक पूरा किया. विराट ने अपनी पारी में 9 चौके और 3 छक्के जड़े. खबर लिखे जाने तक विराट 85 गेंद में 107 रन बनाकर नाबाद हैं. उन्होंने अब तक 11 चौके और 3 छक्के लगाए हैं. दिल्ली को जीत के लिए अभी 79 रनों की दरकार है.
इस मैच में सिर्फ एक रन बनाते ही विराट कोहली ने लिस्ट ए क्रिकेट में 16 हजार रन पूरे कर लिए. इस मैच से पहले विराट के नाम 342 लिस्ट ए मैचों में 15999 रन थे. विराट सचिन तेंदुलकर के बाद लिस्ट ए मैचों में 16 हजार रनों का आंकड़ा छूने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं. विश्व में वह यह कीर्तिमान बनाने वाले 9वें बल्लेबाज हैं.
रोहित शर्मा की ताबड़तोड़ पारी
जयपुर में खेले जा रहे मुकाबले में मुंबई के लिए सिक्किम के खिलाफ 237 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए हिटमैन रोहित शर्मा ने महज 71 गेंद में सेंचुरी बना डाली. रोहित ने सिर्फ 94 गेंद में 155 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उनके बल्ले से 18 चौके और 9 छक्के निकले.
रोहित ने सिर्फ 61 गेंद में शतक जड़ा था. उनकी शतकीय पारी में 8 छक्के और 9 चौके शामिल रहे. रोहित 155 रन बनाकर कैच आउट हुए, लेकिन तब तक मुंबई मैच जीत चुकी थी. रोहित को देखने के लिए जयपुर में काफी भीड़ उमड़ी.
लिस्ट ए क्रिकेट में रिकॉर्ड
बता दें कि डोमेस्टिक 50 ओवर के मैच और वनडे इंटरनशनल के रन लिस्ट ए मैचों में शामिल किए जाते हैं. इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज ग्राहम गूच के नाम लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. गूच के नाम 22 हजार से ज्यादा रन हैं.
इस बार की विजय हजारे ट्रॉफी में कई सुपरस्टार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे टूर्नामेंट में शुरुआत से ही रोमांच देखने को मिल रहा है.





