संभल हत्याकांड: टैटू और टी-शर्ट ने खोली पत्नी की साजिश, 25 दिन तक पुलिस को किया गुमराह
संभल (उत्तर प्रदेश): चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी और करीब 25 दिनों तक पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. लेकिन एक टैटू और एक टी-शर्ट की फोटो ने पूरी साजिश का भंडाफोड़ कर दिया.
नाले में मिला क्षत-विक्षत शव
मामले की शुरुआत 15 दिसंबर को हुई, जब पतरौआ रोड स्थित ईदगाह के पास नाले में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. शव का सिर और पैर गायब थे, जिससे पहचान करना लगभग असंभव लग रहा था. यह मामला चंदौसी कोतवाली प्रभारी अनुज तोमर और उनकी टीम के लिए शुरू से ही एक बड़ी चुनौती बन गया.
हालांकि, शव के हाथ पर गुदा ‘राहुल’ नाम पुलिस के लिए पहली ठोस कड़ी साबित हुआ. इस सुराग को पकड़कर जांच की दिशा तय की गई.
गुमशुदगी रिपोर्ट से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस के रिकॉर्ड में 24 नवंबर को दर्ज एक गुमशुदगी रिपोर्ट सामने आई. रूबी नाम की महिला ने अपने पति राहुल के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने रूबी को बुलाकर पूछताछ की, लेकिन उसने चतुराई से शव को राहुल का मानने से साफ इनकार कर दिया और लगातार विरोधाभासी बयान देती रही.
टी-शर्ट की फोटो ने खोला राज
पुलिस ने रूबी के मोबाइल की फोटो गैलरी खंगाली, जहां से राहुल की एक तस्वीर मिली. इस तस्वीर में राहुल ने वही टी-शर्ट पहनी हुई थी, जो शव के धड़ पर मिली थी. इस ठोस सबूत के सामने रूबी का बचाव ताश के पत्तों की तरह ढह गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली.
महीनों पहले रची गई थी साजिश
पूछताछ में सामने आया कि 18 नवंबर से लापता राहुल को मारने की साजिश महीनों पहले रची जा चुकी थी. रूबी के प्रेमी अभिषेक और उसके साथी गौरव घर में अक्सर आते-जाते थे.
मृतक की 10 साल की बेटी ने पुलिस को बताया कि अभिषेक अक्सर कहता था, ‘कुछ महीनों की बात है, तुम्हारे पापा रास्ते से हट जाएंगे.’ बच्ची की यह मासूम गवाही जांच की दिशा को और पुख्ता करने में अहम साबित हुई.
ग्राइंडर से काटे गए हाथ-पैर
रूबी ने अपने प्रेमी अभिषेक और साथियों के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी. लोहे के हथियार से हमला करने के बाद पहचान छिपाने के लिए ग्राइंडर से हाथ-पैर काट दिए गए. हत्या के बाद शव के टुकड़े कर पहचान मिटाने की कोशिश की गई.
फिलहाल पुलिस ने मृतक के कटे हुए हाथ-पैर और सिर का कुछ हिस्सा बरामद कर लिया है. पत्नी रूबी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
घर से बरामद हुए अहम सबूत
पुलिस ने घर से तख्त का पाया, बैग, लोहे की रॉड, ग्राइंडर जैसे कई अहम सबूत बरामद किए हैं, जो इस जघन्य अपराध को अंजाम देने में इस्तेमाल किए गए थे.
25 दिनों तक साजिशकर्ता पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन एक टैटू, एक टी-शर्ट की फोटो और बच्चों की मासूम गवाही ने वह सच उजागर कर दिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है. चंदौसी कोतवाली प्रभारी अनुज तोमर और उनकी टीम की कड़ी मेहनत ने इस जटिल मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.





