नई दिल्ली: क्रिसमस और नववर्ष तक कोहरे से राहत नहीं, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड
नई दिल्ली: मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले एक हफ्ते तक कोहरे से राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और बारिश से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों से आ रही तेज हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश तक कंपकंपाने वाली सर्दी महसूस होगी.
मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार क्रिसमस और न्यू ईयर के आसपास भी कोहरे और शीत लहर से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण का स्तर भी 400 के पार बना हुआ है.
क्रिसमस के दौरान घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में 23 दिसंबर और 25 से 28 दिसंबर तक घना से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ में 24 से 27 दिसंबर तक घना कोहरा रहेगा. हिमालय क्षेत्र में 22 से 27 दिसंबर तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहेगा.
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 22 से 29 दिसंबर के बीच कोहरे और ठंड का मौसम बना रहेगा. उत्तरी मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तरी छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में भी 23 से 25 दिसंबर तक घना कोहरा पड़ने के आसार हैं.
यूपी के कई जिलों में अलर्ट जारी
पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाये रहने का अलर्ट जारी किया गया है. यूपी में आगरा, मुरादाबाद, इटावा, अयोध्या, प्रयागराज, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, हमीरपुर, बहराइच, प्रयागराज, फतेहगढ़ और लखनऊ के साथ बांदा में घना कोहरे का अलर्ट है. कुशीनगर, आजमगढ़, अयोध्या, वाराणसी से लेकर बस्ती सुल्तानपुर तक यही हालात रहेंगे.
राजस्थान में गंगानगर, जैसलमेर, ग्वालियर, मध्य प्रदेश में रीवा, जबलपुर और छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर में कोहरे से मौसम खराब रहने के आसार हैं. मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, पश्चिमी मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी ठंड बढ़ी है.





