मौसम

दिल्ली-NCR में घने कोहरे और प्रदूषण का कहर, जारी हुआ येलो अलर्ट

नई दिल्ली, 19 दिसंबर 2025 – देश के अधिकांश उत्तरी क्षेत्र इस समय घने कोहरे की चपेट में हैं. राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में कोहरे के साथ बढ़ते प्रदूषण ने हालात बेहद खराब कर दिए हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

अगले तीन दिनों तक घना कोहरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक घना कोहरा बना रहेगा. कई इलाकों में दृश्यता (विजिबिलिटी) 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई है. इसका सीधा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात के साथ-साथ आम जनजीवन पर पड़ रहा है.

19 दिसंबर की सुबह दिल्ली-NCR में घना कोहरा छाया रहा, खासकर पालम और सफदरजंग जैसे इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही. मौसम विभाग ने सुबह 5 बजे से 8 बजे तक अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है ताकि लोग दुर्घटनाओं से बच सकें.

21 और 22 दिसंबर के लिए भी अलर्ट

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कोहरे के साथ प्रदूषण की चादर बनी रही. मौसम विभाग ने 19 दिसंबर के साथ-साथ 21 और 22 दिसंबर के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार कोहरे की तीव्रता सुबह और देर रात अधिक बनी रह सकती है.

सीजन का सबसे ठंडा दिन

दिल्ली में 18 दिसंबर को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 17 दिसंबर की तुलना में अधिकतम तापमान में चार डिग्री से अधिक की गिरावट आई है.

प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में

19 दिसंबर को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राजधानी का AQI 346 दर्ज किया गया. दिल्ली के 14 इलाकों में AQI 400 से ऊपर पहुंच गया, जिससे हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है. पटपड़गंज में एक्यूआई 470 रिकॉर्ड की गई. दिल्ली में चल रही धीमी हवा और घना कोहरा प्रदूषण को और गंभीर बना रहे हैं.

पंजाब से बिहार तक फैली है कोहरे की परत

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक घने कोहरे की परत फैली हुई है. दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण का स्तर फिलहाल ऊंचा बना रहेगा. अगले दो से तीन दिनों तक प्रदूषण से राहत की संभावना नहीं दिख रही है.

आगामी मौसम का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 22 दिसंबर के बीच एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है. इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बारिश और उत्तरी हरियाणा, पंजाब व राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है. दिल्ली में बादल छाए रहने की उम्मीद है और 22 दिसंबर के बाद तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा सकती है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button