98वें ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट में शामिल हुई इशान खट्टर–विशाल जेठवा की ‘होमबाउंड’

निर्देशक नीरज घायवान की चर्चित फिल्म ‘होमबाउंड’ ने भारत के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह फिल्म 98वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर) में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में जगह बनाने में सफल रही है। इसके साथ ही फिल्म ऑस्कर नॉमिनेशन के एक कदम और करीब पहुंच गई है।
इशान खट्टर और विशाल जेठवा अभिनीत ‘होमबाउंड’ अब उन 15 फिल्मों में शामिल है, जिन्हें 86 देशों और क्षेत्रों से चुना गया है। इनमें से आगे चलकर सिर्फ 5 फिल्मों को अंतिम नॉमिनेशन मिलेगा, जो ऑस्कर के लिए आधिकारिक रूप से मुकाबला करेंगी। इस शॉर्टलिस्ट की घोषणा अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (AMPAS) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर की। अकादमी के मुताबिक, यह चयन प्रारंभिक वोटिंग राउंड में अकादमी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के बाद किया गया है।
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस ने इस खुशी की खबर इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, “98वें अकादमी अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में ‘होमबाउंड’ के शॉर्टलिस्ट होने पर हम बेहद आभारी हैं। दुनिया भर से मिले प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।”
View this post on Instagram
फिल्म के निर्माता करण जौहर ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए लिखा कि ‘होमबाउंड’ की यात्रा पर उन्हें बेहद गर्व है। उन्होंने नीरज घायवान, पूरी टीम और कलाकारों को धन्यवाद देते हुए कहा कि कान्स से लेकर ऑस्कर शॉर्टलिस्ट तक का सफर बेहद खास और भावुक रहा है।

फिल्म में चंदन कुमार का किरदार निभाने वाले विशाल जेठवा ने इसे अपने लिए सपने जैसा पल बताया। उन्होंने करण जौहर को इस कहानी पर भरोसा जताने के लिए और नीरज घायवान को अपनी संवेदनशील निर्देशन शैली के लिए धन्यवाद दिया। विशाल ने कहा कि इस फिल्म ने उन्हें एक कलाकार के तौर पर नई भावनात्मक गहराइयों तक पहुंचने का मौका दिया।
उन्होंने इशान खट्टर की भी तारीफ करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना सीखने वाला और प्रेरणादायक अनुभव रहा।
इशान खट्टर ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस बड़ी उपलब्धि का जश्न मनाया और दिल वाले इमोजी के साथ अपनी खुशी जाहिर की।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘होमबाउंड’ अंतिम पांच फिल्मों में जगह बनाकर ऑस्कर नॉमिनेशन हासिल कर पाएगी।





