माइक्रोसॉफ्ट सीईओ सत्य नडेला की PM मोदी से मुलाकात, 1.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान

माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सत्य नडेला ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और भारत की एआई आधारित विकास योजना को समर्थन देने के लिए बड़ा निवेश करने की घोषणा की। नडेला ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट देश में 17.5 बिलियन डॉलर (लगभग ₹1.5 लाख करोड़) का निवेश करेगी। यह एशिया में कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा निवेश है।
नडेला ने इस घोषणा को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए कहा कि यह निवेश भारत की एआई-फर्स्ट सोच को मजबूत करेगा। कंपनी अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएगी, डिजिटल स्किल्स को बढ़ाएगी और देश की अपनी AI क्षमताओं को मजबूत करने पर काम करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई “प्रेरणादायक बातचीत” के लिए धन्यवाद भी दिया।
Thank you, PM @narendramodi ji, for an inspiring conversation on India’s AI opportunity. To support the country’s ambitions, Microsoft is committing US$17.5B—our largest investment ever in Asia—to help build the infrastructure, skills, and sovereign capabilities needed for… pic.twitter.com/NdFEpWzoyZ
— Satya Nadella (@satyanadella) December 9, 2025
यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब माइक्रोसॉफ्ट ने हाल ही में कहा था कि वह अगले दो वर्षों में भारत में 3 बिलियन डॉलर निवेश करेगी, ताकि क्लाउड और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हो सके और नए डेटा सेंटर विकसित किए जा सकें। नडेला का कहना है कि भारत तेजी से AI नवाचार में वैश्विक नेता बन रहा है, जिससे कई क्षेत्रों में नए अवसर खुल रहे हैं और संगठनों को फायदा मिल रहा है।
फिलहाल माइक्रोसॉफ्ट भारत में तीन डेटा सेंटर रीजन चला रही है, जबकि चौथा साल 2026 में शुरू होने की तैयारी में है। कंपनी ने कहा कि नया निवेश भारत के साथ उसकी दीर्घकालिक साझेदारी को दर्शाता है और इसका मकसद एआई के लाभ को देश के लोगों और व्यवसायों तक पहुंचाना है।





